गुरुवार, 5 अगस्त 2010

लोजपा और राजद के बीच फंसा पेंच

लोजपा-राजद गठबंधन के बीच सीटों के तालमेल का पेंच फिलहालउलझ गया है। लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस को सीटों का बंटवारा तय करने को अधिकृत किया था, लेकिन इस मुद्दे पर कोई वार्ता नहीं हो सकी। अब इस मामले पर दिल्ली में ही चर्चा होगी। बातचीत के लिए पारस राजद के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी के साथ बुधवार रात्रि दिल्ली रवाना हो गए। अब आठ अगस्त तक फैसला होने की संभावना है।
राजद के साथ दिक्कत है कि वह लोजपा के साथ गठबंधन भी हर हाल में बनाये रखना चाहती है साथ ही साथ वह उसकी मांग को भी पूरा करने की स्थिति में नहीं है। राजद सूत्रों की माने तो लोजपा की ओर से दावा की जाने वाली अधिकांश सीटों के लिये उसके पास मजबूत प्रत्याशी तक नहीं है। राजद नेताओं का कहना है कि तालमेल का आधार सीटों की संख्या नहीं बल्कि जीतने की संभावना होनी चाहिये।
उधर लोजपा के सूत्रों की मानें तो रामविलास पासवान के स्तर से ही सीट शेयरिंग के मामले को सुलझाया जायेगा। लोजपा नेतृत्व का कहना है कि चार सीटिंग सीटों पर राजद से पहले बात होनी है। लोजपा विधायक दल के नेता महेश्वर सिंह की सीट हरसिद्धि अब आरक्षित हो गयी है। ऐसे में इनके लिए नयी सीट की दरकार होगी। महेश्वर सिंह का कहना है कि तालमेल कर उनके लिए सीट पार्टी तय कर लेगी। इसी तरह वारिसनगर की सीट भी अब लोजपा के लिए नहीं रह पायेगी। यह सीट पहले आरक्षित थी, अब मुक्त हो गयी है। इनके लिए भी दूसरी सीट की व्यवस्था की जा रही है। विधायक डा. अच्युतानंद सिंह की जंदाहा सीट भी खत्म हो गयी है। उनके लिए भी लोजपा को नयी सीट की आवश्यकता है। बथनाहा से जीती लोजपा विधायक नगीना देवी को भी परिसीमन की वजह से नए इलाके में जाने की नौबत पड़ सकती है। बथनाहा का बड़ा हिस्सा दूसरे विधानसभा क्षेत्र में चला गया है। किशोर कुमार मुन्ना को भी लोजपा ने लड़ाने का वादा किया है। इन चार लोजपा विधायकों को एडजस्ट करने का मसला सामने आ जाने के कारण राजद के साथ सीटों का बंटवारा फंसा हुआ नजर आ रहा है। लोजपा सूत्रों ने बताया कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष श्री सिद्दीकी इन चार विधायकों के च्वाइस का ध्यान में रखकर अपने पत्तो खोलेंगे। प्रदेश में कांग्रेस की सक्रियता देखते हुए राजद अपने सहयोगी दल लोजपा से सीटों के तालमेल को लेकर बहुत सतर्क है। यही कारण है कि विस्तार से इस मसले विमर्श के लिए राजद ने अपने प्रदेश अध्यक्ष को दिल्ली रवाना किया है।

साभार

कोई टिप्पणी नहीं: