शुक्रवार, 27 जनवरी 2012

इस गांव में बेटी के जन्म के साथ पौधा लगाया जाता


बिहार में एक ऐसा गांव है, जहां बेटियों के जन्म के साथ पौधरोपण की परंपरा है। भागलपुर जिले के धरहरा गांव में जब किसी घर में बेटी जन्म लेती है तो तुरंत ही उस परिवार के सदस्य गांव में 10 पौधे लगाते हैं। भागलपुर जिला मुख्यालय से करीब 33 किलोमीटर दूर स्थित धरहरा गांव में वर्षो पहले आंरभ की गई यह परंपरा आज गांव की संस्कृति बन गई है। पूर्व में इस गांव में वृक्ष कहीं-कहीं नजर आते थे लेकिन अब यह गांव वृक्षों से भरा पड़ा है। ये वृक्ष इन ग्रामीणों को आर्थिक रूप से भी सबल बना रहे हैं।
धरहरा ग्राम पंचायत के मुखिया विजय कुमार सिंह ने आईएएनएस को बताया कि यह परंपरा गांव में काफी पहले से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म के साथ जो 10 पेड़ लगाए जाते हैं वह उनके विवाह के समय तक बड़ा हो जाता है और लोगों की कमाई का जरिया बन जाता है। सिंह कहते हैं कि यही कारण है कि आज इस गांव में कई लोग तीन से चार एकड़ जमीन पर लगे बगीचे के मालिक हैं। यही नहीं बेटियों के जन्मदिन मनाने के दौरान परिवार के लोग इन पेड़ों का जन्मदिन मनाना नहीं भूलते। करीब पांच हजार की आबादी वाले धरहरा गांव के विमलेश सिंह के पास दो एकड़ का बगीचा है। वह कहते हैं कि उनका विवाह वर्ष 1998 में हुआ। वर्ष 2003 में इनकी पहली बेटी का जन्म हुआ था, जिसके बाद उन्होंने पेड़ लगाया था।
राज्य के सूचना एवं जनसम्पर्क मंत्री वृषण पटेल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष सरकार वैशाली, नालंदा, बोधगया जैसी परम्परागत थीम पर आधारित झांकी तैयार करती थी, जिसे दिल्ली भेजा जाता था। इस बार बालिका सशक्तीकरण को ध्यान में रखकर 'धरहरा की वन पुत्रियां' थीम पर आधारित झांकी भेजी गई, जिसे समिति ने स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि आमतौर पर आज के समय में बेटियों के जन्म के बाद दु:ख जताया जाता है, लेकिन भागलपुर के धरहरा में ऐसा नहीं है। वहां बेटी के जन्म के बाद 10 पौधे लगाने की परम्परा है। झांकी इस बात का द्योतक है कि समाज में बेटी और पेड़ के महत्व को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सचिव राजेश भूषण ने बताया कि झांकी के साथ एक 'सोहर' का भी चयन किया गया है, जो आमतौर पर बेटी के जन्म की खुशी में स्त्रियां गाती हैं। झांकी की थीम का चयन राज्य स्तर पर विकास आयुक्त की अध्यक्षता में गठित एक समिति द्वारा किया जाता है, जिसे रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति द्वारा अंतिम रूप दिया जाता है। उल्लेखनीय है कि बिहार के भागलपुर जिले के धरहरा गांव में जब किसी घर में बेटी का जन्म होता है तो उस परिवार के सदस्य गांव में 10 पौधे लगाते हैं।
भागलपुर जिला मुख्यालय के करीब 33 किलोमीटर दूर धरहरागांव में वर्षों पहले शुरू की गई यह परम्परा आज गांव की संस्कृति बन गई है। पहले इस गांव में पेड़ कहीं-कहीं नजर आते थे, लेकिन अब यह गांव पेड़ों से हरा-भरा है। ये पेड़ ग्रामीणों को आर्थिक रूप से भी सबल बना रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में लैंगिक अनुपात एक हजार पुरुषों पर 871 महिलाओं का है। धरहरा गांव का क्षेत्रफल 1200 एकड़ है, जिसमें 400 एकड़ में पूरी तरह फलदार पेड़ हैं। पेड़ का मालिक वही व्यक्ति होता है, जो इसे लगाता है। ग्रामीण नरेश कुमार सिंह के मुताबिक, इस गांव में कई लोग तीन से चार एकड़ जमीन पर लगे बगीचे के मालिक बन गए हैं। जब लोग अपनी बेटी का जन्मदिन मनाते हैं तो वे पेड़ों का जन्मदिन मनाना भी नहीं भूलते। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी गांव का दौरा कर इस अनोखे कार्य के लिए लोगों की प्रशंसा कर चुके हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: