शुक्रवार, 24 जनवरी 2014

हर एक बहन जरूरी है...

कुछ रिश्ते विरासत में मिलते हैं, जो जन्म से निर्रधारित होते हैं। कुछ रिश्ते बनाए जाते हैं, पर अटूट हो जाते हैं। भाई -बहन के रिश्ते जो कभी जन्म से बनते हैं, उन पर भी भारी पड़ जाते है धर्म के रिश्ते। अनमोल होते हैं ये भाई-बहन के रिश्ते। प्रसिद्ध विचारक एमी ली भी कहती हैं कि बहन एक ऐसी मि?त्र है, जि?ससे आप बच नहीं सकते। आप जो करते हैं, वो सब बहनों को पता रहता है।
जी हां, आज जब कंप्यूटर के की-बोर्ड पर टिपिर-टिपिर करना शुरू किया, तो अतीत के गलियारों में से आवाजें आने लगी बचपन की शरारतों की। हमारी स्मृति में धुंधली-सी, पर यादगार तस्वीरें आने लगी अपने बचपन की। भाई-बहन की उन शरारतों की, जिसे याद करते ही चेहरे पर मुस्कुराहट आ जाती है और खुल जाती है दास्तां भाई-बहन के प्यार की। वाकई, भाई-बहन का नाता प्रेम व स्नेह का होता है। इस रिश्ते में हमारा बचपन कैद होता है, जिसे हमने बे?फिक्र होकर पूरे आनंद से जिया है।
हालांकि, आज हम रिश्तों के कई पायदानों पर चढ़ गए हैं, परंतु हम अपना सुनहरा बचपन नहीं भूले हैं। आधुनिकता की आंधी की मार झेलकर भी यह रिश्ता आज भी उतना ही पाक है। आज भी भाई-बहन में उतनी आत्मीयता और अपनापन है कि एक का दर्द दूसरे को महसूस होता है। दोनों एक-दूसरे के दु:ख-दर्द व खुशियों में शरीक होकर उन्हें सहारा देते हैं। महानगरों का अपना मिजाज होता है। हरेक क्रिया-कलाप का अपना स्वभाव। हमारे कार्यों से हमारे संबंध तय होते हैं। घर से हजारों किलोमीटर दूर जब जीवनयापन के लिए हम निकल पड़ते हैं, तो कई संबंधों पर धुंधलका छाने लगता है। व्यक्तिगत जीवन से निकल कर जब हम व्यावसायिक जीवन में प्रवेश करते हैं, तो पुराने मानदंड छीजने लगते हैं। नए बनते चले जाते हैं। संबंधों के साथ भी कमोबेश यही होता है। अधिकतर गांव में रह गए, कुछ शहरों में। बाकी को लेकर महानगर आ पहुंचा। यहां की आबोहवा इतना समय नहीं देती कि अतीत में गोते लगाया जाए। इसका मतलब यह नहीं कि संबंधों को बिसरा दिया जाए।
मेरा तो यही मानना है कि जीवन में, रिश्तों में आत्मीयता का होना लाजिमी है। यदि यह नहीं है, तो सब बेकार। ऐसा ही सबसे पवित्र रिश्ता है बहन से। यह ?रिश्ता आत्मीयता का रिश्ता होता है, जिसे दिल से जिया जाता है। बचपन तो भाई-बहन की नोक-झोंक व शरारतों में गुजर जाता है। भाई-बहन के रिश्ते की अहमियत तो हमें तब पता लगती है, जब हम युवा होते हैं। जब हमारे बच्चे होते हैं। उनकी शरारतें हमें फिर से अपने बचपन में ले जाती हैं। हर रक्षाबंधन पर बहन, भाई का बेसब्री से इंतजार करती है और भाई भी मीलों के फासले तय करके अपनी बहन को लेने जाता है। यही नहीं हर त्योहार पर बधाइयां देकर एक-दूजे के सुखी जीवन की कामना करते हैं। मां-बाप की डांट-फटकार से अपने प्यारे भाई को बचाना हो या चुपके-चुपके बहन को कहीं घुमाने ले जाना हो... यह सब भाई-बहन को बखूबी आता है।
आधुनिकता की आंधी की मार झेलकर भी यह रिश्ता आज भी उतना ही पाक है। आज भी भाई-बहन में उतनी आत्मीयता और अपनापन है कि एक का दर्द दूसरे को महसूस होता है। दोनों एक-दूसरे के दु:ख-दर्द व खुशियों में शरीक होकर उन्हें सहारा देते हैं और ऐसा होना भी चाहिए।
दिल्ली जैसे शहरों में कई रिश्ते बनते तो हैं प्रोफेशनली, मगर बन जाते हैं आत्मीय। प्रेम से परिपूर्ण। बेलौस। नाम चाहे कुछ भी रख लीजिए। धर्म का। समाज का। अपना। जो आपका मन करे। ऐसा मेरे साथ भी है उसका। बहन-भाई का। न तो क्षेत्र आड़े आई। न प्रांत। न ही बोली और न जात। न खान-पान और न संस्कृति। सबकुछ पारदर्शी। मेरी भी ऐसी ही बहन है। (यहां उसका नाम देकर उसकी ‘महत्ता’ को कम नहीं करना चाहता)
मुझे आज भी याद है एक कविता, जो मैंने पहले पढ़ी थी।
मां की कोख से
पैदा हुई लड़की का ही नाम नहीं है
उस रिश्?ते का भी नाम है
जो पुरुष को मां के बाद
पहली बार
नारी का सामीप्?य और स्?नेह देता है
बहन
कलाई पर राखी बांधने वाली
लड़की का ही नाम नहीं है
उस रिश्ते का भी नाम है
जो पीले धागे को पावन बनाता है
एक नया अर्थ देता है
मां
पुरुष की जननी है
और पत्नी जीवन-संगिनी
पुरुष के नारी-संबंधों के
इन दो छोरों के बीच
पावन गंगा की तरह बहती
नदी का नाम है
बहन।
जी हां, कवि ने कम शब्दों में पूरे मर्म को उकेर कर रख दिया है। मेरी तो बस यही कामना है कि यह प्यार, यह स्नेह ताउम्र बना रहे। भाई-बहन एक-दूसरे का साथ जीवनभर निभाएं। रिश्ते की इस डोर को प्यार व समझदारी से थामें रखें। ताकि रिश्तों में मधुरता सदैव बरकरार रहे। आज भी याद है एक वाकया... क्या पैसे मिलना जरूरी है राखी पर? भाई बहन के सिर पर हाथ रख रख देता है, तो बहन को सब मिल जाता है। बहन जब भाई को एक टिका लगाती है माथे पर, भाई की किस्मत ऊंचे मुकाम को चूमे, बस यही दुआ करती है।
समय के साथ सब कुछ बदल रहा है। जब हमारी जीवन पद्धति बदलेगी तो त्योहार के रंग-ढंग भी बदलेंगे। वैसे कई बार लगता है कि त्योहार का असली उत्साह बचपन में ही होता है। जब हम छोटे थे तो रक्षाबंधन मनाने का एक अलग ही जोश रहा करता था। बड़े होने के बाद वह बात नहीं रह जाती क्योंकि हम सब का जीवन बदल जाता है। दिनचर्या बदल जाती है। जिम्मेदरियों का बोझ किसी त्योहार के रस को कम कर देता है। लेकिन बात त्योहार मनाने की ही नहीं है। क्या रिश्तों में वही अहसास बचा हुआ है? आजकल अखबारों में जो खबरें पढ़ने को मिलती हैं या आसपास की बातों से जो पता चलता है, उससे यही लगता है कि बड़े होने के बाद भाई-बहनों के बीच आत्मीयता की मिठास कम हो जाती है। भाई बहनों के रिश्ते में भी स्वार्थ आ जाता है। कई बार सुनने को मिला कि भाई ने संपत्ति हासिल करने के लिए बहनों के खिलाफ तरह-तरह के षडयंत्र किए या उन पर अनुचित तरीके से दबाव डाला। हालांकि बहनें हमेशा भाई के प्रति स्नेह का वही भाव रखती हैं जो बचपन में उनमें रहता है। बहनें तो भाइयों की सलामती की, तरक्की की दुआ करती रहती है पर कई भाई ही अपना वचन भुला देते हैं।
बीता वर्ष उससे विक्षोभ का था। न तो कोई कुशलक्षेम और न ही कोई सूचना। सन्नाटा। बिलकुल सन्नाटा। वाकई, तेरह शुभ नहीं होता क्या! लेकिन जैसे ही 2014 की पहली किरण आई, ईश्वर की कृपा से सबकुछ सामान्य हो गया। विश्वास पहले से अधिक। भरोसा पहले से कई गुना अधिक। उसका मुझपर, मेरा उस पर। जिस जीवन गति को कहीं भूल गया था, फिर से उसी गति का संचार हो गया।
ओशो भी कहते हैं कि  पत्नी का प्रेम, पति का प्रेम; भाई का, बहन का, पिता का, मां का, इस जगत के सारे प्रेम बस प्रेम की शिक्षणशाला हैं। यहां से प्रेम का सूत्र सीख लो। लेकिन यहां का प्रेम सफल होने वाला नहीं है, टूटेगा ही। टूटना ही चाहिए। वही सौभाग्य है! और जब इस जगत का प्रेम टूट जाएगा, और इस जगत का प्रेम तुमने मुक्त कर लिया, इस जगत के विषय से तुम बाहर हो गए, तो वही प्रेम परमात्मा की तरफ बहना शुरू होता है। वही प्रेम भक्ति बनता है। वही प्रेम प्रार्थना बनता है।
हमारी इच्छा होती है कि कभी टूटे न।
कभी तिलिस्म न टूटे मेरी उम्मीदों का...
कोई हमसे पूछे, भाई-बहन का प्यार। मैं उससे जी जान से प्यार करता हूं। वह भी मुझे उतना ही चाहती है। छोटी-छोटी बातों को भी हम आपस में शेयर करते हैं। उससे जो आत्मसंतुष्टि होती है, वह अवर्णनीय है।  न तो समय की पाबंदी और न ही साधन का टोटा। मोबाइल ने फासले मिटा दिए हैं। एक-दूसरे को हम अच्छी तरह समझते हैं। हमारी अंडरस्टेंडिंग बहुत अच्छी है। प्रेम में आपकी उपस्थिति जरूरी है, वही सुख-दुख में साथ देता है। न कि लेन-देन। हमने कभी इन बातों पर ध्यान नहीं दिया। कई बातें हम बिना कहे समझ जाते हैं। मैं सुखी तो वह सुखी। वह दुखी तो मैं दुखी। क्या इसी को टेलीपैथी कहते हैं। झूठ नहीं। मुझे स्वयं बहुत आश्चर्य होता है कि हमारी सोच इतनी कैसे मिलती है? भाई-बहन का जो प्रेम का बंधन है, वह बड़ा ही अटूट बंधन होता है। लोग कहते हैं कि प्रेम में स्वार्थ छुपा होता है, पर हमारा प्रेम तो पवित्र और निस्वार्थ है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि हमारा रिश्ता ऐसा ही बना रहे। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती जा रही है, प्रेम बढ़ता ही जा रहा है। हम मोबाइल और कंप्यूटर के जरिए मिलते हैं। हम दोनों को एक-दूसरे से कोई शिकायत नहीं। रक्षाबंधन के दिन सिर्फ राखी बांधना, उस दिन याद करना प्रेम नहीं। सच्चा स्नेह आंतरिक होता है। ये किसी चीज का मोहताज नहीं। बस, उसके लिए केवल इतना ही कहना चाहूंगा, ‘ हर एक बहन जरूरी है...’

सोमवार, 23 दिसंबर 2013

सबको साथ लाएंगे लवली?




विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद दिल्ली में कांग्रेस में जान फूंकने की जिम्मेदारी अरविंदर सिंह लवली को सौंपी गई है। अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि वह सभी गुटों को एक साथ लाएंगे और आम लोगों को पार्टी से जोड़कर इसे धरातल पर मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि वह खासकर युवाओं और महिलाओं को पार्टी से जोड़ेंगे। दिल्ली कांग्रेस का प्रमुख नियुक्त करने के तुरंत बाद 46 वर्षीय लवली ने कहा कि वह जिम्मेदारी मिलने से खुश हैं और आगामी लोकसभा चुनावों में पार्टी को मजबूत बनाने के एकमात्र उद्देश्य से काम करेंगे। गौर करने योग्य यह भी है कि रामबाबू शर्मा को अपवाद मान लिया जाए, तो पिछले डेढ़ दशक में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष की भूमिका लगातार मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित के बाद ही शुरू होती थी। लेकिन इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की पराजय के बाद प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए पूर्व मंत्री व पार्टी विधायक अरविंदर सिंह लवली के पास खुलकर खेलने का पूरा मौका है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या लवली पर जिस तरह से पार्टी आलाकमान ने भरोसा जिताया है, उस पर वह खरा उतर पाएंगे?
दरअसल, अरविंदर सिंह लवली को दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष जे.पी.अग्रवाल के इस्तीफे के बाद यह जिम्मेदारी दी गई है। अरविंदर सिंह लवली 1990 में वह दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस के महासचिव चुने गए। बाद में उन्हें एनएसयूआई का महासचिव बना दिया। 1996 तक वह इस पद पर रहे। 1998 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर वह सबसे कम उम्र के विधायक बने। सन 2000 में उन्हें दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का महासचिव बनाया गया। 2003 में वह मंत्री बने। वह गांधीनगर विधानसभा से जीतते रहे हैं। सूबे के पुराने कांग्रेसियों का मानना है कि लवली ताकतवर प्रदेश अध्यक्ष साबित होंगे। एक तो उनके काम करने की शैली आक्रामक है, दूसरी बात यह है कि उन पर कोई दबाव नहीं होगा। उनका कहना है कि साढ़े छह साल तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे जयप्रकाश अग्रवाल के संबंध शुरुआती दिनों में शीला दीक्षित से ठीक-ठाक थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच तल्खी बढ़ी, जिसका असर संगठन व सरकार के संबंधों पर दिखा। पार्टी नेताओं का कहना है कि स्वर्गीय रामबाबू शर्मा वर्ष 2006 में जब प्रदेश अध्यक्ष बने, तब भी दीक्षित व शर्मा के बीच बेहद तीखे संबंध रहे। लेकिन बड़ी बात यह थी कि पार्टी लगातार चुनावी जीत दर्ज कर रही थी और दीक्षित पार्टी का चेहरा बनी हुई थीं। राजधानी में कांग्रेस का असली चेहरा उन्हें ही माना जाता रहा है, लेकिन इस हार ने समीकरणों को बहुत हद तक बदल दिया है।
अध्यक्ष बनने के बाद अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि दीक्षित व अग्रवाल सहित सभी बड़े नेताओं के आशीर्वाद से ही वह पार्टी के संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। हालांकि, यह सबको पता है कि यदि क कांग्रेस को आगे आने वाले चुनावों में मजबूती देनी है, तो यह जिम्मेदारी मुख्य रूप से लवली को ही निभानी है। लवली का कहना है कि अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से झूठे वायदे किए हैं और उसके झूठ की पोल खोलने के लिए हमने 'आप' को समर्थन दिया है। आम आदमी पार्टी सरकार बनाए या न बनाए, इस मुद्दे पर एसएमएस, आॅनलाइन और घर-घर जाकर सर्वे करा रही है। आप के इस सर्वे पर भी लवली सवाल उठाने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि किसे पता है, एसएमएस में क्या जवाब आ रहे हैं? लवली ने प्रदेश अध्यक्ष बनते ही जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी पर सियासी हमले तेज किए हैं, उससे साफ है कि कांग्रेस के वोट बैंक पर कब्जा जमा लेने वाली पार्टी उनके निशाने पर रहेगी। आप नेता कुमार विश्वास ने कहा कि कांग्रेस एक धोखेबाज पार्टी है। उनका आशय यह था कि कांग्रेस ने चौधरी चरण सिंह से लेकर चंद्रशेखर तक की सरकारों को पहले समर्थन दिया और फिर बाद में समर्थन वापस लेकर उनकी सरकारें गिरा दीं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में मिली हार में आम आदमी पार्टी (आप) की भूमिका बहुत बड़ी है। दूसरी भूमिका गुटबाजी की थी। टिकट बंटवारे में पूरी तरह अराजकता थी। यह चुनाव नतीजों से भी साफ पता चलता है। जिन डेढ़ दर्जन विधायकों के टिकट काटने की मांग हो रही थी, उनमें से ज्यादातर को 25 फीसद से कम वोट मिले हैं। इतना ही नहीं गैर विधायक वाली सीट पर जहां मनमानी से टिकट बांटे गए उनमें ज्यादातर को तो 20 फीसद से कम वोट मिले हैं। ऐसी सीटों के कांग्रेस कार्यकत्तार्ओं को फिर से संगठित करना नए प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के लिए आसान न होगा। काफी समय से कांग्रेस में कार्यकर्ता बनाने का काम हुआ ही नहीं। पहले दिन से पार्टी में आने वाले नेता चुनाव लड़ने की जुगत में लग जाते हैं। बताते हैं कि जो नए विधायक और नेता चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में आए थे उनको टिकट देने की मनाही कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से हुई थी बावजूद इसके उनको पार्टी में लाने वाली मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से हस्तक्षेप करवाकर टिकट दिलवाया। उनमें ज्यादातर चुनाव हार गए क्योंकि कांग्रेस के ही दूसरे दावेदारों के समर्थक उन्हें हरवाने में लग गए। इस तरह के कई नेता तो मतदान के दिन खुलेआम जीतने वाली आप के उम्मीदवारों को वोट दिलवाते दिखे। कांग्रेस को सबसे कम वोट नजफगढ़ सीट पर महज 7.05 फीसद मिला। यह वह सीट है जहां एक बार कांग्रेस का विधायक जीता था और हर वार कांग्रेस मुख्य मुकाबले में रहती थी। इसी तरह विधायकों वाली सीट में सबसे कम वोट नरेला में 18.77 मिला।  18 उन सीटों पर कांग्रेस को 20 से 25 फीसद के बीच वोट मिले हैं, इनमें से ज्यादातर पिछली बार कांग्रेस के पास थीं और कांग्रेस नेतृत्व पर उम्मीदवार बदलने का दबाव ज्यादा था और दिल्ली कांग्रेस की चुनाव समिति की बैठक में भी उन्हें बदलने की मांग उठाई गई थी। लेकिन सभी विधायकों को फिर से टिकट देने की जिद में वे सारे विधायक टिकट पा गए। उनमें ज्यादातर चुनाव हार गए। इन सीटों में भी भाजपा के प्रभाव वाली ग्रेटर कैलाश, शकूर बस्ती, कृष्णा नगर, तिलक नगर, द्वारका, हरि नगर भी हैं। लेकिन महरौली, त्रिनगर, वजीरपुर, माडल टाउन, कोंडली, पटपड़गंज, पटेल नगर, राजेंद्र नगर, राम कृष्ण पुरम, आंबेडकर नगर, बदरपुर और देवली में कांग्रेस के विधायक थे। आप का सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्गीय कॉलोनियों और गरीब बस्तियों में हुआ। यह पहला चुनाव है कि कांग्रेस को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित 12 में से केवल एक सीट ही मिल पाई और कभी भी चुनाव न हारने का रिकार्ड बनाने वाले चौधरी प्रेम सिंह और दिल्ली सरकार के मंत्री राज कुमार चौहान चुनाव हार गए। इन नतीजों से अगर कांग्रेस ने सबक न लिया और हवा में उड़ने और केवल पैसे और समीकरण के बूते चुनाव जीतने का भ्रम पाले रखा तो आगे और सफाया भी हो सकता है क्योंकि माना जा रहा है कि अल्पसंख्यकों को इसका अंदाजा न था कि आप भाजपा को पराजित कर सकती है। चुनाव नतीजों से तो यह भी जानकारी मिली कि ह्यआपह्ण के चुनाव चिन्ह झाडू से मिलते जुलते टार्च के निशान पर कई सीटों पर काफी वोट आने से आप की सीटें कम रह गईं।